*घर से भटका 14 वर्षीय आकाश पहुंचा गोरखपुर, डोमिनगढ़ में मिली नई उम्मीद*

*C-PLAN ऐप बना मददगार, तिवारीपुर पुलिस ने परिजनों का पता लगाकर बच्चे को सकुशल सौंपा*


गोरखपुर। घर से निकला 14 वर्षीय किशोर रास्ता भटककर गोरखपुर पहुंच गया। परिवार से दूर अनजान शहर में भटक रहे किशोर को आखिरकार तिवारीपुर पुलिस ने तलाश कर उसके परिजनों तक पहुंचा दिया। बच्चे के सकुशल मिलने की खबर से परिवार की चिंता खुशी में बदल गई।
जानकारी के मुताबिक आकाश यादव उर्फ रक्षा यादव पुत्र कम्मल यादव, निवासी ग्राम जब्बार, थाना मेहदावल, जनपद संतकबीरनगर, उम्र करीब 14 वर्ष, 17 अक्टूबर 2026 को अपने घर से निकलने के बाद रास्ता भटक गया था। काफी देर तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने थाना मेहदावल में इसकी सूचना दी।
इधर भटकते-भटकते आकाश गोरखपुर पहुंच गया और तिवारीपुर थाना क्षेत्र के डोमिनगढ़ में मिला। स्थानीय स्तर पर जानकारी मिलने के बाद तिवारीपुर पुलिस ने किशोर की पहचान और उसके परिवार का पता लगाने का प्रयास शुरू किया।
तिवारीपुर थाना प्रभारी विकास कुमार सिंह के अनुसार पुलिस ने C-PLAN ऐप की मदद से किशोर के परिजनों की जानकारी हासिल की। इसके बाद 18 अक्टूबर को परिजनों को गोरखपुर बुलाया गया और आवश्यक सत्यापन के बाद किशोर को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
बेटे के सकुशल मिलने के बाद परिजनों के चेहरे पर राहत और खुशी नजर आई। वहीं पुलिस की इस तत्परता ने एक बार फिर साबित किया कि तकनीक और संवेदनशील पुलिसिंग के मेल से अपनों से बिछड़े लोगों को उनके परिवार तक सुरक्षित पहुंचाया जा सकता है।

By Minhajalisiddiquiali

गोरखपुर up53 सीएम सिटी

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading