


गोरखपुर। महानवमी के पावन अवसर पर समाजसेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए मानसिक मंदित आश्रय गृह बालिका एवं बालक, दोनों स्थानों पर खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान बच्चों के बीच सेवा, स्नेह और अपनत्व का भाव देखने को मिला। समाजसेवियों ने बच्चों के साथ समय बिताकर पर्व की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम में समाजसेवी रामसुंदर शाव के विशेष सहयोग से सेवा कार्य संपन्न हुआ। इस पुनीत कार्य में राजकुमार शाव, रूप कुमार दास, रामवृक्ष वर्मा, संजय कुमार वर्मा, शिक्षक,समाजसेवी एवं पत्रकार पंकज पाण्डेय तथा नई उम्मीद संस्था के सचिव और वरिष्ठ समाजसेवी मानकण्डेय मणि त्रिपाठी ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर आश्रय गृह में रहने वाले बच्चों को सेव, केला, केक, चॉकलेट सहित अन्य खाद्य सामग्री प्रदान की गई। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी झलक उठी। उपस्थित लोगों ने बच्चों के साथ आत्मीयता व्यक्त करते हुए उनके जीवन में खुशियां बांटने का प्रयास किया। कार्यक्रम का उद्देश्य त्योहार की खुशियों को जरूरतमंद बच्चों के साथ साझा करना और समाज में सेवा, सहयोग तथा संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करना रहा। आयोजकों ने संदेश दिया कि पर्वों की सार्थकता तभी है, जब उनकी खुशियों में समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों को भी सहभागी बनाया जाए। इस सेवा कार्य में सभी सहयोगियों ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया। महानवमी के अवसर पर आयोजित यह पहल सामाजिक सरोकार, मानवीय संवेदना और परोपकार की भावना का प्रेरणादायी उदाहरण बनी।
