*हत्या के मामले में तीन आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई*

*बेलीपार के भौवापार गांव के रहने वाले हैं तीनों आरोपी*

*गैंग लीडर ऋषभ सिंह पर आठ, अन्य दो पर हत्या का एक-एक मुकदमा दर्ज*

गोरखपुर। हत्या जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्तता के मामले में बेलीपार पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इनमें एक को गैंग का सरगना और दो को गिरोह का सदस्य बताया गया है। तीनों आरोपी बेलीपार थाना क्षेत्र के भौवापार गांव के निवासी हैं।

पुलिस के मुताबिक, गैंग का सरगना ऋषभ सिंह उर्फ अंचल सिंह पुत्र रामनरेश सिंह उर्फ गुड्डू सिंह है। गिरोह के अन्य सदस्यों में बलवंत सिंह उर्फ टार्जन उर्फ राहुल सिंह पुत्र बृजेश सिंह और कुन्दन सिंह पुत्र बीरबहादुर सिंह शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि ऋषभ सिंह अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर हत्या जैसे जघन्य अपराध करता है। गिरोह के सदस्यों के आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने और उनके भय एवं आतंक से आमजन के प्रभावित होने की बात सामने आने के बाद उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है।

जिलाधिकारी की ओर से गैंग चार्ट अनुमोदित होने के बाद बेलीपार थाने में तीनों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 259/2026, धारा 2ख(1)(XI)/3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य गिरोह की आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना और आरोपियों को कानून के दायरे में लाना है।

पुलिस के अनुसार, गैंग लीडर ऋषभ सिंह के खिलाफ कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें बेलीपार थाने में वर्ष 2026 का हत्या से संबंधित मुकदमा संख्या 105/2026 भी शामिल है। इसके अलावा वर्ष 2017, 2022, 2023 और 2025 में मारपीट, धमकी, गाली-गलौज और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हुए हैं। खजनी थाने में भी वर्ष 2020 में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज है। वहीं, बलवंत सिंह उर्फ टार्जन उर्फ राहुल सिंह और कुन्दन सिंह के खिलाफ भी हत्या से संबंधित मुकदमा संख्या 105/2026 दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, तीनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

By Minhajalisiddiquiali

गोरखपुर up53 सीएम सिटी

Leave a Reply