गोरखपुर
आफताब अहमद एवं प्रबंधक हाफिज मोहम्मद हदीस के नेतृत्व में हुआ भव्य आयोजन, प्रतिभाशाली बच्चों को पुरस्कार व प्रमाणपत्र देकर किया गया सम्मानित।
गोरखपुर। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर मदरसा गौसिया जूनियर हाई स्कूल, मनबेला में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आफताब अहमद एवं मदरसे के प्रबंधक हाफिज मोहम्मद हदीस साहब के नेतृत्व में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के आकर्षक मॉडल, शैक्षिक प्रदर्शनी और रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की मेहनत और हुनर देखकर उपस्थित अतिथियों ने उनकी खूब सराहना की।
कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही बच्चों के बीच फल और मिठाइयों का वितरण किया गया। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आफताब अहमद ने कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य और असली ताकत हैं। सभी बच्चे खूब मेहनत से पढ़ाई करें और अपने माता-पिता, गुरुजनों, मदरसे तथा पूरे हिंदुस्तान का नाम रोशन करें। बच्चों की प्रतिभा देखकर उन्हें विश्वास है कि आने वाला कल उज्ज्वल होगा।
हाजी मुनीर साहब ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को निखारने और उनका आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बच्चों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देना भी जरूरी है।
पार्षद युसूफ आजाद एवं महेश यादव ने संयुक्त रूप से कहा कि बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए मॉडल और प्रदर्शन सराहनीय हैं। ऐसे कार्यक्रम बच्चों को नई सोच, रचनात्मकता और आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
नदीम ने कहा कि बच्चों ने अपनी मेहनत और लगन से शानदार प्रतिभा का परिचय दिया है। उन्हें शिक्षा के साथ अपनी प्रतिभा निखारने के लिए भी प्रोत्साहित करना चाहिए।
प्रबंधक हाफिज मोहम्मद हदीस साहब ने कहा कि मदरसे का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के साथ उनके हुनर को निखारना है। बच्चों की सफलता ही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर नदीम, हाजी मुनीर साहब, पार्षद युसूफ आजाद, महेश यादव, हाफिज मोहम्मद हदीस साहब, मौलाना नुरुल्लाह, लतीफ अंसारी, नुरुल्लाह अलिमी, मास्टर तौसीफ, इरशाद, मोहतरमा अफरीदा, नाहिद हाशमी, रेशमा, नूरफशा, नूर सलीम, आफताब अहमद, खाली अली सोनू, इम्तियाज अहमद, शहाबुद्दीन अली आदि लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply