गोरखपुर कैम्पियरगंज से गोरखपुर तक सिटी बस सेवा की शुरूआत नहीं हो सकी सर्वे के बाद भी इसको लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कोई गंभीरता नहीं दिखाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिटी बस सेवा शुरू होने से लोग तय किराये में सुरक्षित सफर करते। लेकिन इस इंतजाम को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। कैम्पियरगंज तहसील मुख्यालय से गोरखपुर तक इलेक्ट्रिक बस चलाने के लिए संचालन समिति के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पीके तिवारी ने अक्टूबर 2023 में आश्वासन दिया। उन्होंने कहा था कि नए रूटों पर सर्वे पूरा
हो गया है। लेकिन बसों की समय सारिणी अभी तय नहीं की गई है। बसें आने के बाद समय सारिणी बनाकर नए रूटों पर संचालन होगा। दिवाली के पूर्व 25 नई बसें मिलने की उम्मीद जताई थी। इससे इलेक्ट्रिक बसों की कुल संख्या 52 हो जाएगी। इनमें से ज्यादातर बसों को ग्रामीण रूट पर चलाया जाएगा। इसमें ग्रामीण रूट के नए प्रस्ताव में बांसगांव, बड़हलगंज,कैम्पियरगंज, सुकरौली,बालापार और चौरीचौरा शामिल हैं। इनमे कुछ रुट पर तो बस संचालन शुरू हो गया। लेकिन कैम्पियरगंज तक अभी भी बस संचालन नहीं शुरूहो सका। स्थानीय लोगों ने बस का संचालन शुरू कराने की मांग उठाई है।
