बिजली का बिल जमा के नाम पर दिया फर्जी रसीद, मुकदमा दर्ज
उरुवा थाना क्षेत्र के कुरावल निवासी एक व्यक्ति ने उरुवा निवासी एक व्यक्ति पर बिजली का बिल जमा करने के नाम पर पैसा लेने और फर्जी रसीद देने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार उरुवा थाना क्षेत्र के कुरावल निवासी जिलाजित वर्मा पुत्र भोलानाथ ने मुख्यमंत्री जनता दर्शन में गुहार लगाया था कि उनका बिजली का बिल 72000 हजार बकाया था। जिसे जमा करने के लिए 14 दिसंबर 2023 को उरुवा पहुंचा तो भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला-सह संयोजक अनिल अग्रहरी पुत्र लालचंद अग्रहरि नाम के व्यक्ति ने यह कहते हुए पैसा ले लिया की मैं जमा कर दूंगा। और कुछ देर बाद एक रसीद भी दिया। कुछ दिनों बाद जब बिजली विभाग के कर्मचारी बिजली बिल बकाया पर कनेक्शन काटने पहुंचे तो रसीद दिखाने पर उन लोगों ने रसीद को फर्जी बताया।
उक्त शिकायती पत्र जब थाना उरुवा पहुंचा तो तात्कालिक जांच के बाद आरोपी अनिल अग्रहरी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
इस बाबत प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
