हज यात्रियों की उड़ानों का सिलसिला 29 अप्रैल से होगा शुरू

– हज प्रशिक्षण व टीकाकरण आज व कल
– दावते इस्लामी इंडिया का अंतिम हज प्रशिक्षण 23 को

गोरखपुर। हज यात्रा 2025 की तैयारियां तेज हो गई हैं। हज यात्रियों की उड़ानों का सिलसिला 29 अप्रैल से शुरू हो जाएगा। उप्र के हज यात्रियों की पहली फ्लाइट चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे से उड़ेगी। हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को 48 घंटे पहले राज्य हज कमेटी सरोजनीनगर स्थित मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस में आमद दर्ज करवानी होगी। पहली फ्लाइट के हाजियों को 27 अप्रैल को सरोजनीनगर स्थित हज हाउस पहुंचना अनिवार्य होगा।

हज प्रशिक्षण व टीकाकरण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इस बार गोरखपुर से तकरीबन 114 यात्री सऊदी अरब में पवित्र हज अदा करेंगे। खादिमुल हुज्जाज कमेटी की ओर से मुस्लिम मुसाफिर खाना, रेलवे स्टेशन रोड में रविवार 20 अप्रैल व सोमवार 21 अप्रैल को सुबह नौ से शाम चार बजे तक हज यात्रियों को प्रशिक्षण दिया या जाएगा। वहीं जिला चिकित्सा विभाग द्वारा हज यात्रियों का टीकाकरण किया जाएगा।

दावते इस्लामी इंडिया की ओर से हज यात्रियों के लिए गाजी रौजा स्थित आइडियल मैरज हाउस में बुधवार 23 अप्रैल को सुबह 10 से शाम 4 बजे तक हज प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। आधुनिक तकनीक व थ्रीडी एनिमेशन के जरिए हज प्रशिक्षक हाजी मो. आजम अत्तारी हज यात्रियों को हज के दौरान अदा किए जाने वाले अरकानों के बारे में विस्तार से बतायेंगे। शिविर में एहराम बांधना, तवाफ करना, सई जैसे सभी अरकानों, सऊदी अरब के कानून, एयरपोर्ट के नियम, हज यात्रा के दौरान आवश्यक वस्तुओं और सावधानियों आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही व्यवहारिक तौर से भी हज के अरकान बताए जायेंगे। यह जानकारी हज प्रशिक्षण शिविर के संयोजक मो. फरहान अत्तारी ने दी है। महिलाओं एवं पुरुषों के लिए आयोजित इस शिविर में तमाम अरकानों पर रोशनी डाली जाएगी।‌ इस्लामी बहनों के लिए पर्दे का खास इंतजाम रहेगा। महिलाओं के मसाइल पर भी चर्चा की जाएगी। सवाल जवाब का भी सत्र चलेगा। हज गाइड पुस्तक सभी हज यात्रियों को मुफ्त दी जाएगी।

By Minhajalisiddiquiali

गोरखपुर up53 सीएम सिटी

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading