*पेट्रोल-डीजल की कमी पर सख्ती, डीएसओ ने ऑयल कंपनियों को दिए निर्देश*
*गोरखपुर।* जनपद में पेट्रोल-डीजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) रामेंद्र प्रताप सिंह ने ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पेट्रोल पंप पर ईंधन की कमी नहीं होनी चाहिए, क्योंकि वर्तमान में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
बैठक में डीएसओ ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया कि वे समय रहते ईंधन की आपूर्ति के लिए ऑर्डर बुक करें, ताकि किसी भी पंप पर पेट्रोल-डीजल खत्म होने की स्थिति न आए। उन्होंने कहा कि जैसे ही स्टॉक कम होने लगे, तुरंत अगली खेप के लिए आदेश दिया जाए, जिससे आपूर्ति श्रृंखला सुचारु बनी रहे और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी पेट्रोल पंप पर ईंधन समाप्त होना लापरवाही मानी जाएगी और ऐसी स्थिति में संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को नियमित रूप से निगरानी रखने और पंपों की स्थिति का जायजा लेने के निर्देश भी दिए गए।
डीएसओ ने ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर दिया, ताकि वितरण व्यवस्था में कोई बाधा न आए। बैठक में अरुण सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम जनता को ईंधन के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
