भारतीय सेना के पराक्रम पर मुस्लिम समाज ने किया खुशी का इजहार, मांगी कामयाबी की दुआ

गोरखपुर। मुस्लिम समाज ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान पर किए गए एक्शन का स्वागत किया है। मकतब इस्लामियात चिंगी शहीद, इमाम चौक, तुर्कमानपुर में छोटे -छोटे बच्चों ने भारतीय सेना के पराक्रम पर खुशी का इजहार किया। कामयाबी के लिए लिए विशेष दुआ मांगी। हिंदुस्तान जिंदाबाद का नारा लगाया।

मकतब इस्लामियात के शिक्षक कारी मुहम्मद अनस रजवी ने कहा कि मैं भारतीय सेना और जवानों की हिम्मत की सराहना करता हूं। पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक करने का फैसला काबिल-ए-तारीफ है। भारतीय सेना के साहस और पराक्रम की जितनी प्रशंसा की जाए कम है। भारतीय सेना की आतंकियों व आतंकवादी संगठनों पर हमले की कार्यवाही उचित व जरूरी है। पूरा भारत आतंकी व आतंकवादी संगठनों के विरोध में एक साथ है। आतंकवाद दुनिया के लिए बड़ा खतरा है, इसके खात्मे की जरुरत है। आतंकवाद के लिए इस्लाम धर्म की शिक्षाओं में कोई जगह नहीं है। इस्लाम आतंक को हराम करार देता है।

मस्जिद सुब्हानिया तकिया कवलदह के इमाम मौलाना जहांगीर अहमद अजीजी ने कहा कि आतंकवाद एक गंभीर खतरा और इंसानियत के खिलाफ एक जघन्य अपराध है। देश और इसके लोगों की सुरक्षा,संरक्षा और शांति के लिए इसका समूल नष्ट होना अत्यंत आवश्यक है। भारत की चुप्पी को पाकिस्तान ने कमजोरी समझा, लेकिन हमारी सेना ने दिखा दिया कि हम हर चुनौती का जवाब देना जानते हैं। पहलगाम में हुए आतंकी हमले में हमारे बेगुनाह नागरिकों को मारा गया था, उस वक्त सभी लोगों को इंतजार था कि हमारा भारत क्या करेगा, भारत खामोश था लेकिन उसकी खामोशी को कमजोरी समझा जा रहा था, अब जिस तरह ऑपरेशन सिंदूर के जरिए आतंकी ठिकाने को मिट्टी में मिलाया गया है, वो बेहतरीन कदम है।

इस्लामिक स्कॉलर मुफ्ती मुहम्मद शुएब रजा निजामी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ देश की सशस्त्र सेनाओं और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा की जा रही कार्रवाई को देशभर के सभी धर्मों और समुदायों का संपूर्ण समर्थन मिल रहा है। पूरा भारत एकजुट होकर हमारी सेनाओं के साथ खड़ा है, इस महत्वपूर्ण क्षण में सभी नागरिकों के लिए एक साथ आना और एकजुट होकर इस चुनौती का सामना करना अनिवार्य है।

मरकजी मदीना जामा मस्जिद रेती के इमाम मुफ्ती मेराज अहमद कादरी ने कहा कि पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की कार्रवाई से सभी भारतीय खुश हैं। पहलगाम में बेगुनाह नागरिकों की हत्या का जवाब अब मिल गया है।

सब्जपोश हाउस मस्जिद जाफरा बाजार के इमाम हाफिज रहमत अली निजामी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर से आज पूरा भारत खुश है और ये कार्रवाई बहुत जरूरी थी। यह आतंक के खिलाफ एक सख्त और जरूरी कदम था। पहलगाम हमले के बाद पूरे देश को उम्मीद थी कि सेना जवाब देगी, और अब पूरे देश में खुशी का माहौल है।

चिश्तिया मस्जिद बक्शीपुर के इमाम मौलाना महमूद रज़ा कादरी ने खुशी का इजहार करते हुए कहा कि हम भारतीय सेना की ऑपरेशन सिंदूर की कार्रवाई का स्वागत करते हैं।

By Minhajalisiddiquiali

गोरखपुर up53 सीएम सिटी

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading