*मनाया गया विश्व गर्भनिरोधक दिवस, सीएचसी पर लगेगा स्वास्थ्य शिविर*
जिला महिला अस्पताल सहित सीएचसी-पीएचसी पर लोगों को किया गया जागरूक
*सीएमओ ने किया हरनही सीएचसी और खजनी पीएचसी का निरीक्षण*
*गोरखपुर।* जिले भर में शुक्रवार को विश्व गर्भनिरोधक दिवस मनाया गया। इस दौरान जिला महिला अस्पताल सहित जिले के सभी सीएचसी और पीएचसी पर लोगों को गर्भनिरोधक सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया। सीएमओ डॉ राजेश झा ने हरनही सीएचसी और खजनी पीएचसी का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सेवा पर्व और मिशन शक्ति के तहत हरनही सीएचसी पर तीस सितम्बर को शिविर लगा कर स्वास्थ्य जांच की जाएगी। इसमें महिलाओं की स्वास्थ्य जांच पर विशेष फोकस होगा।
जिला महिला अस्पताल में विश्व गर्भनिरोधक दिवस पर हुए आयोजन में पीएसआई इंडिया संस्था के सहयोग से लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ जय कुमार, चिकित्सक डॉ वंदना, डॉ मनीष, काउंसलर ज्योति, संस्था से केवल सिंह सिसौदिया और प्रियंका सिंह ने उपस्थित समूह को गर्भनिरोधकों का महत्व बताया। सीएमओ डॉ झा ने बताया कि जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर परामर्शदाताओं, स्टॉफ नर्स और एएनएम की मदद से योग्य दंपति को परिवार नियोजन की महत्ता के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि वह अपनी पसंद से परिवार नियोजन के लिए किसी भी साधन का चुनाव कर सकते हैं, लेकिन इसके लिए परामर्शदाता की सलाह अवश्य लेनी चाहिए। सभी सरकारी अस्पतालों पर परिवार नियोजन के साधन निःशुल्क उपलब्ध हैं।
सीएमओ डॉ झा के निरीक्षण में खजनी पीएचसी पर सभी चिकित्सक और कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं हरनही सीएचसी पर तीन चिकित्सक और तीन कर्मचारी मौजूद नहीं मिले। इन अनुपस्थित लोगों से उनका स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक उत्तर मिलने तक सभी का वेतन बाधित रखा जाएगा। हरनही में प्रस्तावित स्वास्थ्य शिविर को लेकर भी सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों को व्यापक निर्देश दिये। उन्होंने लैब, फार्मेसी, प्रसव कक्ष सहित अस्पताल के सभी प्रमुख वार्डों का निरीक्षण किया।
