
*सौ दिवसीय अभियान को लेकर सीएचओ का हुआ अभिमुखीकरण*
जिले के चिन्हित गांवों में लगाया जा रहा है आयुष्मान आरोग्य शिविर
नये टीबी रोगी खोजने के साथ-साथ एनसीडी स्क्रिनिंग पर है जोर
*गोरखपुर।* जिले में नये टीबी रोगियों को खोजने के लिए चलाए जा रहे सौ दिवसीय अभियान को लेकर सीएमओ डॉ राजेश झा ने बृहस्पतिवार को वर्चुअल माध्यम से जिले भर के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) का अभिमुखीकरण किया। अभियान के तहत जिले के चिन्हित गांवों में आयुष्मान आरोग्य शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविर में नये टीबी रोगी खोजने के साथ-साथ एनसीडी स्क्रिनिंग पर विशेष जोर है।
वर्चुअल अभिमुखीकरण कार्यक्रम के दौरान सीएमओ डॉ झा ने कहा कि जिन सीएचओ के क्षेत्र में कैंप लग रहे हैं वह शिविर में प्रमुखता से हिस्सा लें और समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित कराएं। आशा और एएनएम के माध्यम से प्रयास करें कि अधिकाधिक लोगों की शुगर और बीपी की जांच इन शिविरों में हो जाए। लोगों को एआई बेस्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन से जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। लक्षणयुक्त मरीजों की बलगम जांच भी अवश्य सुनिश्चित की जाए। अन्य बीमारियों के मरीजों के जांच व परामर्श की सुविधा भी इन कैम्प में एमएमयू के जरिये दी जा रही है। शिविर के बारे में पहले से बृहद प्रचार प्रसार कराया जाए ताकि अधिकाधिक लोगों को लाभ मिल सके।
सीएमओ ने बताया कि यह शिविर आठ अप्रैल से जिले में लगाए जा रहे हैं और जुलाई माह तक चलेंगे। इनका मुख्य उद्देश्य नये टीबी मरीजों को ढूंढना है, लेकिन इस दौरान गैर संचारी रोगों के नये मरीज भी ढूंढे जा रहे हैं और उन्हें आवश्यक परामर्श दिया जा रहा है। इस कार्य में सीएचओ की अहम भूमिका होती है। सभी सीएचओ अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान देंगे तो जिले को टीबी मुक्त बनाने की राह आसान होगी। अभिमुखीकरण कार्यक्रम में जिले के डीसीपीएम रिपुंजय पांडेय सहित ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रमों से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे।
