*एम्स गोरखपुर और स्वास्थ्य विभाग मिल कर खोज रहे हैं नये टीबी रोगी*
सीएमओ ने एम्स गोरखपुर के सहयोग से लगे पचासवें आयुष्मान आरोग्य शिविर का किया निरीक्षण
पूर्व सीएमओ और चेस्ट फिजिशियन डॉ आशुतोष कुमार दूबे भी एक्स-रे जांच में देंगे सहयोग
*गोरखपुर।* जिले में आठ अप्रैल से लगाए जा रहे आयुष्मान आरोग्य शिविरों के जरिये एम्स गोरखपुर और स्वास्थ्य विभाग साथ मिल कर नये टीबी रोगियों को ढूंढने की मुहिम चला रहे हैं। इसी कड़ी में एम्स गोरखपुर के सहयोग से पिपराईच ब्लॉक के सोनबरसा खुर्द गांव में लगे पचासवें शिविर का बुधवार को सीएमओ डॉ राजेश झा ने निरीक्षण किया। इन शिविरों की सफलता में पूर्व सीएमओ और चेस्ट फिजिशियन डॉ आशुतोष कुमार दूबे भी अब मैनुअल एक्स-रे प्लेट्स की रीडिंग के जरिये सहयोग देंगे।
सीएमओ डॉ झा ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य शिविरों के आयोजन पांच एमएमयू और चार एक्स-रे मशीन के जरिये किया जा रहा है। इनमें से एक एक्स-रे मशीन एआई आधारित है। बाकी तीन मशीन की प्लेट्स की फोटो की रीडिंग पूर्व सीएमओ और चेस्ट फिजिशियन डॉ आशुतोष कुमार दूबे को ऑनलाइन भेज कर कराई जाएगी। इस स्वैच्छिक सहयोग के लिए डॉ दूबे ने सहमति दे दी है। शिविर में टीबी के संभावित रोगियों के बलगम के सैम्पल भी इकट्ठा किये जा रहे हैं। प्रतिदिन औसतन चार से पांच स्थानों पर शिविर लगाए जा रहे हैं। एक शिविर में एम्स की टीम सहयोग कर रही है। यूपीटीएसयू की टीम सभी शिविरों में सहयोगी है।
सीएमओ ने बताया कि 21 अप्रैल तक लगे शिविरों में 3478 लोगों की स्क्रिनिंग की जा चुकी है। इनमें से 2625 लोगों की एक्स-रे जांच भी करायी गयी है। करीब 600 लोगों के बलगम के सैम्पल भी लिए गए हैं। शिविर में आने वाले मरीजों के शुगर और बीपी की जांच भी की जा रही है। साथ ही उन्हें आवश्यक परामर्श और दवाएं भी दी जा रही हैं। शिविर का आयोजन उच्च जोखिम क्षेत्रों में किया जा रहा है।
