एएनएमटीसी में लगी पोषक खाद्य सामग्री की प्रदर्शनी, सम्मानित हुईं प्रशिक्षु छात्राएं
सीएमओ सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन
पोषण व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर होता है आयोजन
*गोरखपुर।* एएनएम प्रशिक्षण केंद्र (एएनएमटीसी) में शनिवार को वहां की छात्राओं ने पोषक खाद्य सामग्री की प्रदर्शनी लगाई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश झा सहित स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रशिक्षु छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया। पोषण व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर एएनएमटीसी में इस प्रकार की प्रदर्शनी लगाई जाती है।
सीएमओ डॉ राजेश झा ने बताया कि पोषण संबंधी जागरूकता एवं व्यवहारिक ज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस विशेष व्यावहारिक प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत प्रशिक्षु छात्राओं द्वारा कुपोषण, मधुमेह और डायरिया सहित विभिन्न स्वास्थ्य स्थितियों के अनुरूप पौष्टिक एवं संतुलित खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं प्रदर्शन किया गया। सीएमओ डॉ झा के साथ संयुक्त निदेशक डॉ. बी. एम. राव और डॉ. गर्ग ने भी प्रदर्शित मॉडल और खाद्य सामग्रियों के स्टॉल का अवलोकन किया।
प्रशिक्षु छात्राओं को सम्बोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि संतुलित एवं पौष्टिक आहार विभिन्न बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस प्रकार के व्यावहारिक प्रशिक्षण से पोषण संबंधी ज्ञान एवं कौशल का विकास होता है, जो भविष्य में समुदाय के स्वास्थ्य संवर्धन में सहायक होगा। डॉ झा ने कहा कि समुदाय के आहार व्यवहार में सुधार लाकर उसे कई गंभीर संचारी और गैर संचारी बीमारियों से बचाया जा सकता है। इस बात को ध्यान में रखते हुए आहार व्यवहार को लेकर प्रशिक्षु छात्राओं को निरंतर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिये जाने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर एएनएमटीसी के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक पंकज आनंद, प्रशिक्षण केंद्र की प्राचार्य, ट्यूटरगण और सहयोगी अजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
