*मुहर्रम की तैयारी को लेकर इमामचौक मुतवल्ली एक्शन कमेटी सक्रिय, अधिकारियों को सौंपे निमंत्रण-पत्र*
*मुहर्रम पूर्व व्यवस्थाओं और समस्याओं के समाधान को लेकर 7 जून को होगी महत्वपूर्ण बैठक*
*प्रशासनिक अधिकारियों ने सहभागिता का दिया आश्वासन*
*मुहर्रम की तैयारियों में जुटी इमामचौक मुतवल्ली एक्शन कमेटी*
गोरखपुर। आगामी मुहर्रम की तैयारियों को लेकर इमामचौक मुतवल्ली एक्शन कमेटी पूरी तरह सक्रिय हो गई है। 7 जून को प्रातः 10 बजे आइडियल मैरेज हाउस में आयोजित होने वाली महत्वपूर्ण बैठक को सफल बनाने के लिए कमेटी ने व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाते हुए प्रशासनिक अधिकारियों, मुतवल्लियों एवं अखाड़ों के उस्तादों को निमंत्रण- पत्र सौंपकर सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
कमेटी के संरक्षक खैरूल बशर एवं कन्वीनर हाजी कलीम अहमद फरजंद के निर्देशन में अध्यक्ष अब्दुल्लाह और कोषाध्यक्ष शकील अहमद अंसारी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिले के विभिन्न इमामचौकों के मुतवल्लियों, अखाड़ों के उस्तादों तथा प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर बैठक में शामिल होने का अनुरोध किया।
इस दौरान जिलाधिकारी, एसडीएम सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, जिले के समस्त थाना प्रभारियों, नगर आयुक्त, जलकल विभाग, विद्युत विभाग एवं एलआईयू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निमंत्रण-पत्र सौंपे गए। अधिकारियों ने बैठक में शामिल होकर आवश्यक समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग का भरोसा दिलाया।
इसी क्रम में एलआईयू इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह परिहार को भी बैठक का निमंत्रण दिया गया। उन्होंने निमंत्रण पत्र सहर्ष स्वीकार करते हुए बैठक की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं तथा मुहर्रम के दौरान बेहतर समन्वय और व्यवस्थाओं के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कमेटी के अध्यक्ष अब्दुल्लाह ने कहा कि इमामचौक मुतवल्ली एक्शन कमेटी अपने गठन काल से ही मुहर्रम शुरू होने से पूर्व बैठक आयोजित कर इमामचौकों से जुड़ी समस्याओं, आवश्यक व्यवस्थाओं एवं जनसुविधाओं से संबंधित मुद्दों को प्रशासन के समक्ष रखती रही है, जिससे समय रहते उनका समाधान सुनिश्चित किया जाता रहा है।
वहीं कोषाध्यक्ष शकील अहमद अंसारी ने कहा कि कमेटी वर्षों से मुतवल्लियों और इमामचौकों की समस्याओं को लेकर प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान कराने का कार्य कर रही है। आगामी बैठक में भी विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा कर सुझाव एवं मांगपत्र प्रशासन को सौंपा जाएगा।
उन्होंने बताया कि बैठक में मुहर्रम के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विशेष चर्चा की जाएगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी मुर्तजा हुसैन रहमानी, फैसल अंसारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

