*राप्ती नदी में रील बनाना पड़ा भारी: दो युवकों की डूबने से मौत, दोनों के शव बरामद*


*करतहरी घाट पर हादसा, पीएसी, स्थानीय गोताखोर व सदर तहसील प्रशासन की निगरानी में चला सर्च ऑपरेशन*

गोरखपुर।पीपीगंज थाना क्षेत्र स्थित ग्राम करतहरी के पास राप्ती नदी में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां रील बनाते हुए नहाने गए सात युवकों में से दो युवक नदी में डूब गए। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जा रहा है कि सात युवक नदी में नहाते हुए मोबाइल से रील बना रहे थे। इसी दौरान दो युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

घटना के बाद पीपीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया। कुछ ही देर में पहले युवक शिवम कुमार (पुत्र संजीव कुमार), निवासी ग्राम जगदीशपुर गाही, थाना सहजनवा का शव बरामद कर लिया गया।

दूसरे युवक गोलू कुमार (पुत्र रामदीन, उम्र करीब 19 वर्ष), निवासी ग्राम जगदीशपुर गाही की तलाश के लिए पीएसी की 26वीं वाहिनी के गोताखोरों को बुलाया गया। कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद उसका भी शव बरामद कर लिया गया।

इस पूरे अभियान के दौरान सदर तहसील प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी करता रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नदी में पानी का बहाव तेज और गहराई अधिक होने के कारण यह हादसा हुआ। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी या अन्य जलाशयों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतें और इस तरह के जोखिम भरे कार्य, खासकर रील बनाने के दौरान, न करें।

यह दर्दनाक घटना एक बार फिर यह संकेत देती है कि सोशल मीडिया के लिए जोखिम उठाना कितना खतरनाक साबित हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

By Minhajalisiddiquiali

गोरखपुर up53 सीएम सिटी

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading