रिटायरमेंट के 11 माह बाद भी नहीं हो पाया एनपीएस भुगतान : रूपेश श्रीवास्तव

गलत फीडिंग एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों से लगभग 300 कर्मचारी प्रभावित: मदन मुरारी शुक्ल

गोरखपुर,
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के लगभग 300 कर्मचारियों की मानव सम्पदा पोर्टल पर गलत प्रविष्टियां दर्ज होने के कारण कर्मचारियों में भारी असंतोष व्याप्त है। प्रभावित कर्मचारियों ने राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद को लिखित शिकायत देकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है।

इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग, निर्माण खण्ड-3, गोरखपुर में बेलदार पद से दिनांक 30 जून 2025 को सेवानिवृत्त हुए कर्मचारी श्री अदालत ने परिषद को अवगत कराया कि मानव सम्पदा पोर्टल पर उनकी जन्मतिथि गलत रूप से 01 जनवरी 1995 अंकित कर दी गई है, जबकि उनकी वास्तविक जन्मतिथि 02 जून 1965 है।

कर्मचारी नेताओं के अनुसार केवल जन्मतिथि ही नहीं, बल्कि अवकाश एवं अन्य सेवा संबंधी प्रविष्टियों में भी व्यापक त्रुटियां हैं, जिससे लगभग 300 कर्मचारी प्रभावित हो रहे हैं और अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
श्री अदालत ने बताया कि मानव सम्पदा पोर्टल एवं एनएसडीएल (N.S.D.L.) में गलत फीडिंग होने के कारण उनका एनपीएस पेंशन भुगतान विगत लगभग 11 माह से लंबित है। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों द्वारा लेखाधिकारी, कोषागार गोरखपुर को कई बार पत्राचार भी किया जा चुका है, किन्तु अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद लगातार विभाग एवं कोषागार कार्यालय का चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें उनका वैध भुगतान प्राप्त नहीं हो पाया है, जिससे उन्हें आर्थिक एवं मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि इसी तरह लोक निर्माण विभाग में मेठ पद पर कार्यरत सुभाष पांडेय भी गलत प्रविष्टि के कारण रिटायर मेंट के बाद प्रतिदिन कार्यालय और कोषागार का चक्कर लगा रहे हैं लेकिन अभी तक उन्हें कोई भुगतान नहीं मिला है जबकि उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने के 30 दिनों के भीतर सभी देयकों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण कर्मचारी परेशान हैं।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से तत्काल मामले का संज्ञान लेकर त्रुटियों को ठीक कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो परिषद कर्मचारी हित में धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की होगी।

इस संबंध मेंkal भोजनावकाश के दौरान लोक निर्माण विभाग परिसर में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने की तथा संचालन मदन मुरारी शुक्ल द्वारा किया गया।

इस अवसर पर रूपेश कुमार श्रीवास्तव मदन मुरारी शुक्ला अशोक पांडे पंडित श्याम नारायण शुक्ला अनूप कुमार अनिल द्विवेदी राजेश मिश्रा सौरभ श्रीवास्तव इजहार अली विनीता सिंह सूर्यवेद यादव रामधनी पासवान निसार अहमद सहित तमाम कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading