*सीएमओ ने किया बड़हलगंज सीएचसी का निरीक्षण, बाढ़ की तैयारियों की समीक्षा की*
मानसून से पहले बड़हलगंज और डेरवा स्वास्थ्य केन्द्रों पर मुकम्मल तैयारी का दिया निर्देश
बड़हलगंज सीएचसी में कराए जाएंगे मरम्मत कार्य
*गोरखपुर।* जिले के सीएमओ डॉ राजेश झा ने शुक्रवार को बड़हलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीएचसी अधीक्षक और डेरवा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के साथ बाढ़ की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने दोनों स्वास्थ्य केन्द्रों के साथ साथ पोहिला स्थित स्वास्थ्य केन्द्र पर भी मानसून से पहले मुकम्मल तैयारी का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने बड़हलगंज सीएचसी में आवश्यकतानुसार मरम्मत कार्य भी कराने को कहा।
बाढ़ की तैयारियों की समीक्षा के दौरान सीएमओ ने निर्देश दिया कि संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की सभी गर्भवती और बच्चों की सूची तैयार कर ली जाए और उनका नियमित फॉलो अप हो। बाढ़ के दौरान यह ध्यान रखा जाए कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य संबंधित आवश्यक सेवाएं बाधित न हों। इस सम्बन्ध में आशा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर सभी जरूरी तैयारियां कर ली जाएं। एआरवी और एंटी स्नेक वेनम-एएसवी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करनी है। साथ ही जिंक और ओआरएस की भी कोई कमी न होने पाए, इस बात का विशेष ध्यान रखना है। अस्पतालों पर तैयारी ऐसी होनी चाहिए कि आपदा के समय स्वास्थ्य विभाग की तरफ से त्वरित रिस्पांस दिया जा सके।
सीएचसी निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित कराने को कहा। साथ ही कहा कि जहां कहीं भी भवन की मरम्मत या उपकरणों की आवश्यकता हो, प्राथमिकता के आधार पर यह कार्य सुनिश्चित किया जाए। डॉ झा ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित सभा स्थल का भी निरीक्षण कर सेफ हाउस सहित अन्य संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर डिप्टी सीएमओ डॉ अश्विनी चौरसिया, सीएचसी अधीक्षक डॉ अतुल और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ मनीष चौरसिया प्रमुख तौर पर मौजूद रहे।


