खजनी, गोरखपुर। खजनी तहसील स्थित बार एसोसिएशन संगठन के तत्वावधान में बुधवार को तहसील सभागार में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी आनंद कटारिया ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का विधिवत शुभारंभ हुआ, जिसमें अधिवक्ताओं, ग्रामीणों एवं क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। शिविर में अपोलो हॉस्पिटल से जुड़े प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्यज्योति श्रीवास्तव एवं उनकी विशेषज्ञ टीम ने मरीजों का परीक्षण किया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, शुगर, हृदय रोग सहित विभिन्न सामान्य बीमारियों की जांच की गई। चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श देने के साथ ही जरूरतमंदों को नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने, स्वच्छता अपनाने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह देते हुए गंभीर बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए।बार एसोसिएशन खजनी संगठन के अध्यक्ष सत्य प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ मल्लू लाल श्रीवास्तव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनहित को ध्यान में रखते हुए ऐसे स्वास्थ्य एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। अपने संबोधन में डॉ. दिव्यज्योति श्रीवास्तव ने कहा कि खजनी तहसील क्षेत्र से जो भी मरीज एम्स में उपचार के लिए आएंगे, उन्हें परामर्श शुल्क में 10 प्रतिशत तथा जांच शुल्क में 25 प्रतिशत तक की विशेष छूट प्रदान की जाएगी। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि मेडिकल कॉलेज गोरखपुर अथवा अन्य चिकित्सा संबंधी आवश्यकताओं में भी खजनी क्षेत्र के मरीजों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता महेश दुबे ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए स्वास्थ्य शिविर की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। अंत में आयोजकों ने चिकित्सक दल, अतिथियों तथा सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। शिविर को सफल बनाने में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पूरे आयोजन के दौरान लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, उत्साह और जनसेवा की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading