*एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने जवानों को लगवाई दौड़, अनुशासन और फिटनेस का दिया पाठ*
*गोरखपुर*./जनपद में पुलिस महकमे को शारीरिक और मानसिक रूप से दुरुस्त रखने के साथ-साथ पुलिस बल में अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में परेड का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली और मातहतों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
परेड ग्राउंड पहुंचे एसएसपी ने सबसे पहले पुलिसकर्मियों की टोलीवार ड्रिल का अवलोकन किया। उन्होंने जवानों को शारीरिक व मानसिक रूप से फिट रहने का संदेश देते हुए दौड़ लगवाई। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान अनुशासन, एकरूपता और तत्परता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के क्रम में एसएसपी ने यूपी-112, परिवहन शाखा और श्वान दल (डॉग स्क्वाड) समेत पुलिस की विभिन्न तकनीकी व आपातकालीन इकाइयों के वाहनों और उपकरणों की जांच की। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों से संसाधनों के रख-रखाव और आपात स्थिति में त्वरित रिस्पॉन्स टाइम को लेकर पूछताछ की तथा संबंधित प्रभारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन्स प्रतिसार निरीक्षक सहित जनपद के अन्य वरिष्ठ अधिकारी व पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।
