
गोरखपुर जनपद के कैम्पियरगंज तहसील की राजस्व विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को न्यायालय के आदेश पर तहसील क्षेत्र के सरपतहा एवं लक्ष्मीपुर द्वितीय गांव में पहुंच कर अवैध अतिक्रमण पर बुल्डोजर चलवा कर उसे हटा दिया। इस दौरान एसडीएम अमित कुमार जैसवाल एवं थानाध्यक्ष अनूप कुमार सिंह मय फोर्स मौके पर मौजूद रहकर बुल्डोजर चलाने का निर्देश दिया। जानकारी के अनुसार लक्ष्मीपुर द्वितीय गांव की निवासिनी ममता पत्नी रामबचन ने एसडीएम न्यायालय में सार्वजनिक रास्ते की भूमि को गांव के एक दबंग ब्यक्ति द्वारा अवैध कब्जा करने के सम्बन्ध में वाद दायर किया जिसपर न्यायालय ने अवैध रूप से किये गये रास्ते की भूमि पर अतिक्रमण करने को गम्भीरता से लेते हुए उसे तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने का आदेश दिया था जिसके बाद ममता ने एक प्रार्थना पत्र देकर न्यायालय के आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया जिसपर एसडीएम अमित कुमार जैसवाल ने राजस्व टीम एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम के साथ मौके पर पहुंच कर अवैध अतिक्रमण पर बुल्डोजर चलवा कर उसे खाली करा दिया। इसके बाद सरपतहा गांव में पहुंच कर बेलास के शिकायतीपत्र की आख्या के आधार पर बेलास के निजी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा जमाये एक आरोपी पर कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को हटवाया। एसडीएम की इस कार्रवाई से अवैध अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया है। इस कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार शिवकुमार श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक रमाशंकर भगवंत प्रसाद, संग्रह अमीन राजेन्द्र लाल श्रीवास्तव,राजस्व लेखपाल गिरजादत्त पाण्डेय, सुभाष यादव, चौकी प्रभारी मछलीगांव विवेक राज सिंह सहित दर्जनों पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
