मां की गोद बच्चे का पहला मदरसा व स्कूल : नायब काजी

खरादी टोला तुर्कमानपुर व बसंतपुर खास में जलसा-ए-ईद मिलादुन्नबी

गोरखपुर। एक पढ़ी लिखी मां की गोद से पढ़ी लिखी औलाद समाज को मिल सकती है। मां की गोद बच्चे के लिए सबसे पहला मदरसा व स्कूल है, इसलिए उसका पढ़ा लिखा होना बेहद जरूरी है। किसी दानिश्मंद का कौल है कि एक औरत को तालीम दे देना एक यूनिवर्सिटी खोल देने के बराबर है। मुसलमान अगर तरक्की चाहते हैं तो नमाज़, रोजा, हज व ज़कात की पाबंदी करें। अल्लाह और पैग़ंबरे इस्लाम हज़रत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि की तालीमात पर मुकम्मल बेदारी के साथ अमल करें। अल्लाह और पैग़ंबरे इस्लाम के जिक्र से दिलों को रौशन करें। शरीअत के खिलाफ़ कोई काम न किया जाए।

यह बातें सोमवार को खरादी टोला तुर्कमानपुर में आयोजित जलसा-ए-ईद मिलादुन्नबी में बतौर मुख्य वक्ता नायब काजी मुफ्ती मोहम्मद अजहर शम्सी ने कही।

विशिष्ट वक्ता मौलाना मोहम्मद अहमद निजामी ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी मनाना क़ुरआन व हदीस की रौशनी में जायज है। पैग़ंबरे इस्लाम ने खुद अपना मिलाद मनाया। सहाबा, अहले बैत, ताबईन, औलिया ने भी इसका एहतमाम किया। लिहाजा मुसलमान पूरे साल इस अज़ीम नेमत को मना कर सवाब हासिल करें। ईद मिलादुन्नबी की महफिलों व जलसों में अल्लाह की रहमत नाज़िल होती है।

वहीं बसंतपुर खास में आयोजित जलसा-ए-ईद मिलादुन्नबी में बतौर मुख्य वक्ता मुफ्ती मुनव्वर रजा ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी के सदके में तमाम ईदें मिलीं। पैगंबरे इस्लाम हज़रत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के लिए पूरी दुनिया बनी। पैग़ंबरे इस्लाम के सदके में पूरी दुनिया को वजूद मिला। आप नूर-ए-खुदा, खैरुल बशर हैं। क़ुरआन में अल्लाह फरमाता है कि बेशक तुम्हारें पास अल्लाह की तरफ से नूर तशरीफ लाया। पैग़ंबरे इस्लाम की नूरानियत से चांद, सूरज, सितारे सारी कायनात रौशन है। पैग़ंबरे इस्लाम जब पैदा हुए तो अल्लाह को सजदा करके अपनी उम्मत को याद फरमाया। आप ही सबसे पहले शफाअत के मनसब पर फाइज होंगे। अल्लाह ने आपको बहुत बड़ा मर्तबा अता फरमाया है।

अंत में दरूदो सलाम पढ़कर मुल्क में अमनो अमान की दुआ मांगी गई। जलसे में सैयद ज़फ़र हसन, कारी मो. मोहसिन बरकाती, मास्टर तौफीक रईस अनवर, डॉ. शाकिर, महबूब आलम, महमूद आलम, सैयद अरशद, हाफ़िज़ सैफ अली इस्माईली, हाफ़िज़ अशरफ रजा, कासिद रजा इस्माईली, हाफिज जान आलम, उस्मान रजा, फजलुर्रहमान आदि मौजूद रहे।

मोहसिन-ए-आज़म कांफ्रेंस आज

गोरखपुर। खानकाहे सब्जपोश की ओर से सब्जपोश हाउस मस्जिद जाफ़रा बाज़ार के मैदान में मंगलवार 3 अक्टूबर को रात 8 बजे से वार्षिक मोहसिन-ए-आज़म कांफ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। दीनी शिक्षा, साहित्य व सामाजिक कार्यों में अहम योगदान देने के लिए डॉ. मोहम्मद आसिम आजमी व मुफ्ती-ए-शहर अख्तर हुसैन मन्नानी को सब्जपोश अवॉर्ड 2023 से सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी कांफ्रेंस संयोजक हाफिज रहमत अली निजामी ने दी है। कांफ्रेंस में नायब काजी मुफ्ती मो. अज़हर शम्सी, मौलाना जहांगीर अहमद अजीजी, मुफ्ती मेराज अहमद कादरी आदि संबोधित करेंगे। नात-ए-पाक मो. कैसर रजा, मौलाना महमूद रज़ा, हाफिज रहमत अली पेश करेंगे। संचालन हाफिज सैफ अली व हाफिज अशरफ रजा करेंगे।

अक़लीमा वारसी ने मुकम्मल किया क़ुरआन-ए-पाक

गोरखपुर। जाफरा बाजार निवासी इरफानुल्लाह और जीनत वारसी की 9 वर्षीय पुत्री अकलीमा वारसी ने मोहल्ले के ही एक मकतब में पढ़ाई करते हुए करीब डेढ़ साल में क़ुरआन-ए-पाक देखकर पूरा पढ़ लिया। इस मौके पर बच्ची को दुआओं व तोहफों से नवाज कर हौसला अफजाई की गई।

अकलीमा के पिता इरफानुल्लाह ने कहा कि यह हमारे लिए बहुत खुशी का मौका है। हम भविष्य में अपनी बेटी को और अच्छी दीनी तालीम दिलाने का इरादा रखते हैं। क़ुरआन-ए-पाक अल्लाह का कलाम और एक अजीम किताब है।

अक़लीमा की मां ज़ीनत वारसी ने कहा कि हमारे पैगंबर सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने बच्चों को तालीम दिलाने के लिए प्रोत्साहित किया है। पैग़ंबरे इस्लाम हज़रत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फरमाया है कि तुममें बेहतरीन शख्स वह है जो क़ुरआन-ए-पाक सीखे और सिखाए। हमारी बच्ची ने आखिरी पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम पर नाजिल होने वाली किताब कुरआन-ए-पाक की मुकम्मल तिलावत कर ली है। इस मौके पर एक महफिल हुई। जिसमें अक़लीमा के बेहतर भविष्य के लिए खुसूसी दुआ की गई।

By Minhajalisiddiquiali

गोरखपुर up53 सीएम सिटी

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading