गोरखपुर में NCC वायु स्कंध प्रशिक्षण प्रारंभ करने की मांग, सांसद रवि किशन ने संसद में उठाया मुद्दा
गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ला ने नियम 377 के अंतर्गत संसद में गोरखपुर में एनसीसी वायु स्कंध (Air Wing) प्रशिक्षण प्रारंभ करने की माँग उठाई है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रमुख शैक्षणिक एवं सैन्य केंद्र है, जहाँ बड़ी संख्या में सेवारत एवं पूर्व सैनिक रहते हैं। बावजूद इसके जिले में केवल NCC थलसेना स्कंध का सीमित प्रशिक्षण उपलब्ध है, जबकि वायु स्कंध (Air Wing) का कोई प्रशिक्षण केंद्र नहीं है।
सांसद ने बताया कि वर्तमान में एनसीसी एयर विंग का प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक छात्र-छात्राओं को वाराणसी जाना पड़ता है। आर्थिक और भौगोलिक परिस्थितियों के कारण अधिकांश विद्यार्थियों के लिए वहाँ तक पहुँचना कठिन हो जाता है। ऐसे में गोरखपुर जैसे महत्वपूर्ण शहर में यह प्रशिक्षण न होना युवाओं के अवसरों को सीमित करता है।
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि गोरखपुर भारतीय वायुसेना का एक अहम केंद्र है। यहाँ वायुसेना से संबंधित आवश्यक संसाधन और आधारभूत सुविधाएँ पहले से ही उपलब्ध हैं। इस वजह से एनसीसी एयर विंग की स्थापना यहाँ सहज और व्यावहारिक होगी।
रवि किशन ने केंद्र सरकार और रक्षा मंत्रालय से आग्रह किया कि गोरखपुर के विश्वविद्यालयों, विद्यालयों और महाविद्यालयों में NCC वायु स्कंध का प्रशिक्षण शीघ्र प्रारंभ किया जाए, ताकि युवाओं को रक्षा क्षेत्र में और अधिक अवसर मिल सकें तथा उनमें देशसेवा की भावना और सशक्त हो।
उन्होंने कहा कि—
“गोरखपुर और पूर्वांचल के युवाओं में राष्ट्र रक्षा को लेकर गहरी निष्ठा है। यदि उन्हें अपने ही शहर में वायु स्कंध का प्रशिक्षण उपलब्ध होगा तो निश्चित रूप से बड़ी संख्या में कैडेट्स तैयार होंगे, जो भविष्य में देश की सुरक्षा और गौरव को नई ऊँचाइयों तक ले जाएंगे।”
सांसद की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को स्थानीय स्तर पर अवसर दिलाना और पूर्वांचल को रक्षा प्रशिक्षण की दृष्टि से और अधिक सशक्त बनाना है।
