मेराज शरीफ की रात 16 को, होगी इबादत

गोरखपुर। इस्लामी माह रजब चल रहा है। इस माह की 27वीं रात को शब-ए-मेराज कहा जाता है। जो शुक्रवार 16 जनवरी को है। कारी मुहम्मद अनस रजवी ने बताया कि इस रात पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की अल्लाह से मुलाकात हुई थी। अरबी में शब का अर्थ रात है अर्थात इस रात को पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की अल्लाह से मुलाकात की रात भी कहते हैं। हाफिज रहमत अली निजामी ने बताया कि शब-ए-मेराज का इस्लाम धर्म में बहुत महत्व है साथ ही इस रात की बड़ी फजीलत है। इस रात इबादत करने का अलग महत्व है। इस रात मुसलमान कजा व नफ्ल नमाज अदा करते हैं। कुरआन-ए-पाक की तिलावत करते हैं। बहुत सारे लोग रजब की 26 व 27 तारीख का रोजा भी रखते हैं। यह बेहतरीन काम है। मौलाना महमूद रजा कादरी ने बताया कि शब-ए-मेराज के मुकद्दस मौके पर कई मस्जिदों में शब-ए-मेराज की महफिल सजेगी। सलातुल तस्बीह, कजा नमाजें व अन्य नफ्ल नमाजें अदा की जाएगी। कुरआन-ए-पाक की तिलावत घरों व मस्जिदों में होगी। रातभर अल्लाह व रसूल का जिक्र होगा। दुरूद ओ सलाम का नजराना पेश किया जाएगा।

By Minhajalisiddiquiali

गोरखपुर up53 सीएम सिटी

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading