*डीआईजी एस. चनप्पा व एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने किया शहर में पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा*
*भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों व प्रमुख प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, पुलिस को दिए सख्त निर्देश*
*गोरखपुर।* कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक परिक्षेत्र गोरखपुर एस. चनप्पा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बुधवार को थाना कैंट क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान गणेश चौक, कचहरी चौराहा, शास्त्री चौक, अंबेडकर चौक, बस स्टेशन सहित अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
पैदल गश्त के दौरान डीआईजी और एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत कर उनकी तैनाती, पिकेट व्यवस्था और संवेदनशील बिंदुओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों से भी संवाद किया। लोगों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया गया और उन्हें भरोसा दिलाया गया कि पुलिस हर समय उनकी मदद के लिए तत्पर है। अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
डीआईजी एस. चनप्पा ने कहा कि प्रमुख स्थानों पर पुलिस की नियमित गश्त और सतर्कता बेहद जरूरी है। त्योहारों और विशेष आयोजनों के मद्देनजर अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि होटल, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और बाजारों जैसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा ड्यूटी के दौरान जनता से शालीन व्यवहार और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी गीडा अरुण कुमार, प्रभारी निरीक्षक कैंट सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। पैदल गश्त से आम नागरिकों और व्यापारियों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है।
