*सदर तहसील सभागार में जनगणना कार्यों की गहन समीक्षा*
*डिप्टी कलेक्टर/तहसीलदार ज्ञान प्रताप सिंह ने लापरवाही पर जताई सख्ती, समयबद्ध कार्य के दिए निर्देश*
गोरखपुर। सदर तहसील सभागार में डिप्टी कलेक्टर/तहसीलदार सदर ज्ञान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जनगणना कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनगणना के अंतर्गत चल रहे सर्वे कार्यों की प्रगति का आकलन करना तथा जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना रहा।
बैठक के दौरान तहसीलदार ने एक-एक लेखपाल से उनके क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों, घर-घर सर्वे की स्थिति, डेटा संकलन, लंबित प्रविष्टियों तथा वास्तविक प्रगति की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने पाया कि कुछ क्षेत्रों में कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो रहा है, जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित लेखपालों एवं ग्राम सचिवों को कड़ी फटकार लगाई।
ज्ञान प्रताप सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी प्रविष्टियों को पूर्ण एवं त्रुटिरहित रूप से अपडेट करें। साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मौजूद नायब तहसीलदारों ने भी अपने-अपने क्षेत्र की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और कार्य में आ रही चुनौतियों को साझा किया। इस दौरान भागीरथी सिंह, दुर्गेश चौरसिया, अन्नू, नीलम त्रिपाठी एवं नेहा राय (नायब तहसीलदार) सहित पटल प्रभारी, कानूनगो, लेखपाल एवं ग्राम सचिव बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अंत में तहसीलदार ने सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि जनगणना का कार्य समय से पूर्ण होने के साथ-साथ पूरी पारदर्शिता और सटीकता भी बनी रहे।
