गोरखपुर। लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इमामबाड़ा मुतवल्लियान कमेटी के अध्यक्ष सैय्यद इरशाद अहमद के नेतृत्व में गोलघर टाउन हॉल स्थित गांधी प्रतिमा के पास कैंडल जलाकर दिवंगतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर मृतकों की आत्मा की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महासचिव हाजी सोहराब खान एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आफताब अहमद ने कहा कि लखनऊ की यह दर्दनाक घटना पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाली है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं प्रशासनिक सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि अग्निकांड में जान गंवाने वाले प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही सभी घायलों को 5-5 लाख रुपये का मुआवजा देकर उनके समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सैय्यद इरशाद अहमद एवम सैयद वसीम इकबाल ने कहा कि संकट की इस घड़ी में इमामबाड़ा मुतवल्लियान कमेटी पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और सरकार को मानवीय आधार पर तत्काल राहत, पुनर्वास एवं भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी दिवंगतों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। इस मौके पर जिला अध्यक्ष सैयद इरशाद अहमद महासचिव सोहराब खान उपाध्यक्ष सैयद वसीम इकबाल आफताब अहमद अशफाक मेकरानी शकील शाही आदि लोग उपस्थित रहे


