*9 साल के मासूम की पीट-पीटकर हत्या, रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों से किया हमला*

*इलाज के दौरान बच्चे की मौत, थाना प्रभारी लाइन हाजिर; 8-9 हमलावरों पर मुकदमा दर्ज*


*गोरखपुर।* पिपराइच थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात में चौथी कक्षा के 9 वर्षीय छात्र की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बच्चा अपने मौसेरे भाई के साथ मौसा की दुकान पर जा रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे 8-9 युवकों ने दोनों को घेरकर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे की रविवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका मौसेरा भाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती है।

जानकारी के अनुसार, माधोपुर गांव निवासी राजू सिंह की बेला गांव में पान की दुकान है। उनके साथ उनके साढ़ू अरविंद का 9 वर्षीय पुत्र सरस सिंह भी रहता था। मां के निधन के बाद सरस अपनी मौसी के घर रहकर स्थानीय एमडी पब्लिक स्कूल में कक्षा चार का छात्र था।

शनिवार रात करीब 8:15 बजे सरस अपने 15 वर्षीय मौसेरे भाई शिवकुमार के साथ खाना खाने के बाद मौसा की दुकान की ओर जा रहा था। घर से लगभग 500 मीटर दूर पहुंचते ही पहले से घात लगाए बैठे 8-9 युवकों ने दोनों को घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया। हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से भी वार किए, जिससे सरस के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। शिवकुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना पर जब परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को लेकर थाने की ओर जाने लगे, तभी आरोपियों ने दोबारा हमला करते हुए परिजनों पर भी पथराव किया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

रविवार सुबह इलाज के दौरान सरस सिंह की मौत हो गई, जबकि शिवकुमार का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है।

घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है। मृतक के मौसा राजू सिंह का आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद की जानकारी पहले से पुलिस को थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि पुलिस पहले सख्ती करती तो मासूम की जान बच सकती थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पिपराइच थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। उनकी जगह झंगहा थाना प्रभारी अनुप सिंह को पिपराइच थाने का नया प्रभारी बनाया गया है।

क्षेत्राधिकारी कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि माधोपुर गांव में हुई मारपीट की घटना में घायल बच्चे की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

By Minhajalisiddiquiali

गोरखपुर up53 सीएम सिटी

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading