
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अपर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
गोरखपुर। महानगर कांग्रेस कमेटी गोरखपुर के उपाध्यक्ष जितेन्द्र विश्वकर्मा के नेतृत्व में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सर्जिकल सामानों और दवाओं की खरीद में कथित भ्रष्टाचार के मामले में कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त गोरखपुर मंडल को संबोधित ज्ञापन अपर आयुक्त (न्यायिक) राजेश कुमार श्रीवास्तव को सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। जितेन्द्र विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज में शासनादेशों की अनदेखी कर निजी फर्मों से गॉज, बैंडेज, पर्दे और दवाओं सहित अन्य सामानों की खरीद की गई। उन्होंने इंचार्ज फार्मासिस्ट गितेश चौधरी की भूमिका की जांच कराने की भी मांग उठाई। उनका आरोप है कि वर्ष 2019 से 2024 के बीच कोविड काल में भी बिना टेंडर खरीद को लेकर अनियमितताओं के आरोप लगे थे, लेकिन जांच का अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जनपद स्थित मेडिकल कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार के मामलों पर प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सचान ने इस संबंध में प्रमुख सचिव, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण को पत्र लिखकर आपत्ति जताई है। महानगर उपाध्यक्ष एडवोकेट चन्द्रिका भारती और गुलाम ताहिर ने कहा कि मामले में शीघ्र जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। इस दौरान शैलेन्द्र बल्लभ पाण्डेय, देवेन्द्र चौहान, रामदरश निषाद, रामचरित निषाद, विश्वनाथ गुप्ता, रामनाथ मौर्य, रामकेवल पासवान और राजकुमार शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
