*गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब चुनाव में 87% मतदान, 595 वोट मतपेटियों में बंद*
*गोरखपुर।* गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के वार्षिक चुनाव को लेकर शनिवार को पत्रकारों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9 बजे से शुरू हुआ मतदान शांतिपूर्ण माहौल में दोपहर 3 बजे तक चला। कुल 684 पंजीकृत मतदाताओं में से 595 पत्रकारों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह लगभग 87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 17 वोट अधिक है।
मतदान केंद्र पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। वरिष्ठ और युवा पत्रकारों ने बारी-बारी से पहुंचकर मतदान किया। चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए निर्वाचन अधिकारियों द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। मतदाताओं की पहचान की जांच के बाद ही उन्हें मतदान की अनुमति दी गई। पूरे समय मतदान स्थल पर अनुशासन और उत्साह का माहौल बना रहा।
इस बार विभिन्न पदों के लिए मैदान में उतरे प्रत्याशियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। मतदान समाप्त होते ही सभी उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की निगाहें मतपेटियों पर टिक गईं। अब प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटियों में बंद हो चुका है।
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार शाम 4 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। मतगणना को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और परिणाम देर शाम तक आने की संभावना जताई जा रही है। चुनाव नतीजों को लेकर पत्रकारों में खासा उत्साह है और सभी को विजेताओं की घोषणा का इंतजार है।
उल्लेखनीय है कि प्रेस क्लब का चुनाव पत्रकार एकता और संगठन की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण माना जाता है। यही कारण है कि हर वर्ष मतदान में बढ़-चढ़कर भागीदारी होती है। इस बार बढ़े हुए मतदान प्रतिशत ने यह संकेत दिया है कि पत्रकार अपने संगठन को लेकर सजग और सक्रिय हैं।
अब सबकी नजरें मतगणना पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि क्लब की कमान किसके हाथ में जाएगी।
