गोरखपुर,। lराज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, गोरखपुर की एक आवश्यक बैठक लोक निर्माण विभाग परिसर स्थित डिप्लोमा इंजीनियरिंग संघ भवन में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता डिप्लोमा इंजीनियरिंग संघ के क्षेत्रीय अध्यक्ष इंजीनियर राम समुझ शर्मा ने की, जबकि संचालन परिषद के महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल ने किया। बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। लोक निर्माण विभाग में कार्यरत जूनियर क्लर्क श्रीमती विनीता सिंह ने अपनी समस्या रखते हुए बताया कि उनकी नियुक्ति वर्ष 2023 में हुई थी। उन्होंने राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) के अंतर्गत PRAN (स्थायी सेवानिवृत्ति खाता संख्या) प्राप्त करने के लिए समय से ऑनलाइन आवेदन किया था, जिसे उनके आहरण एवं वितरण अधिकारी (DDO) द्वारा सत्यापित भी कर दिया गया। इसके बावजूद उच्च स्तर पर आवश्यक सत्यापन पूर्ण न होने के कारण आज तक उनका PRAN नंबर जारी नहीं हो सका है। परिणामस्वरूप उनके वेतन से कट रही एनपीएस अंशदान राशि का समुचित लेखा-जोखा नहीं हो पा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक हानि उठानी पड़ रही है तथा उनका भविष्य भी अनिश्चित बना हुआ है। बैठक में लोक निर्माण विभाग के सेवानिवृत्त चौकीदार श्री सुभाष पांडे ने भी अपनी समस्या से अवगत कराते हुए बताया कि सेवानिवृत्ति के तीन माह बीत जाने के बाद भी उन्हें उनके सेवानिवृत्ति संबंधी सभी देयकों एवं दावों का भुगतान प्राप्त नहीं हो सका है, जिससे उन्हें आर्थिक एवं मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारियों की समस्याओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कर्मचारियों से जुड़े सभी मामलों का निस्तारण अधिकारियों द्वारा सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि PRAN नंबर जारी करने, मानव सम्पदा पोर्टल तथा NSDL पोर्टल में दर्ज त्रुटियों के सुधार एवं सेवानिवृत्ति संबंधी समस्त प्रकरणों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना प्रत्येक आहरण एवं वितरण अधिकारी की जिम्मेदारी है। किसी भी कर्मचारी को तकनीकी त्रुटियों अथवा प्रशासनिक शिथिलता के कारण आर्थिक या मानसिक परेशानी नहीं उठानी चाहिए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों से अपील की कि मानव सम्पदा पोर्टल, NSDL पोर्टल तथा NPS से संबंधित लंबित मामलों का विशेष अभियान चलाकर शीघ्र निस्तारण कराया जाए, ताकि सेवारत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।बैठक में प्रमुख रूप से रूपेश कुमार श्रीवास्तव, अशोक पांडे, गोविंद जी, पं. श्याम नारायण शुक्ल,मदन मुरारी शुक्ल, अनिल द्रिवेदी, सुभाष पांडे, राजेश मिश्रा, अनूप कुमार, सौरभ श्रीवास्तव, रामधनी पासवान, निसार अहमद इजहार अली राजू कुमार सहित अनेक कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading